Image copyrightBrijkumar Yadav for BBC
नेपाली अधिकारियों का कहना है कि हथियारों से लैस भारतीय जवान सीमावर्ती झापा ज़िले के केचना में पहुंच गए, जहां स्थानीय लोगों ने उन्हें घेर लिया.
वहीं भारतीय अधिकारियों का कहना है कि ये जवान संदिग्ध तस्करों का पीछा करते हुए 'ग़लती से' सीमा पार चले गए थे.
झापा में बीबीसी नेपाली सेवा के संवाददाता उमाकांत खनाल का कहना है कि ये घटना रविवार सुबह की है और लगभग छह घंटे बाद एसएसबी जवानों को उनकी बटालियन को सौंप दिया गया.
हां, नेपाल के साथ संबंध बिगड़े हैं: भारतीय राजदूत
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार एसएसबी के डीजी बीडी शर्मा ने बताया, "एसएसबी के जिन 13 जवानों को नेपाली सीमा सुरक्षा बल ने हिरासत में लिया, उन्हें रिहा कर दिया गया और वो भारतीय क्षेत्र में वापस आ गए हैं."
Image copyrightAP
उन्होंने भारतीय जवानों को हिरासत में लेने वाले नेपाल आर्म्ड पुलिस फोर्स (एपीएफ) के प्रमुख और आईजी केशराज ओंटा से बात की और उन्होंने भरोसा दिलाया कि जवान ग़लती से नेपाली सीमा में चले गए थे.
पिछले हफ़्ते नेपाल के एक और सीमावर्ती जिले सुनसारी में एसएसबी जवानों की फायरिंग में चार नेपाली घायल हो गए थे.
नेपाली विदेश मंत्रालय ने फायरिंग के लिए ज़िम्मेदार जवानों के ख़िलाफ़ कार्रवाई करने की मांग की थी जबकि पहले इस घटना से इनकार करने वाले भारतीय दूतावास ने बाद में इसकी जांच का वादा किया.
भारत और नेपाल के बीच सैकड़ों किलोमीटर लंबी खुली सीमा है, लेकिन नेपाल में नया संविधान लागू होने के बाद से दोनों देशों के बीच इन दिनों संबंध तनावपूर्ण चल रहे हैं.
तनाव का कारण नेपाल के मधेसी समुदाय का आंदोलन है. मधेसी मानते हैं कि नए संविधान में उन्हें उचित प्रतिनिधित्व नहीं दिया गया. उन्होंने कई हफ़्तों तक भारत-नीपाल सीमा पर प्रदर्शन किए हैं.

0 comments:
Post a Comment