पंपोर कस्बे में एक सरकारी भवन के भीतर छिपे हुए आतंकियों के साथ भीषण मुठभेड़ में एक कैप्टन सहित एलिट पारा यूनिट के मारे गए दो सैन्यकर्मियों के साथ दो दिनों के अभियान में कुल पांच लोगों की मौत हो चुकी है। समझा जाता है कि सरकारी भवन में दो से चार आतंकवादी छिपे हुए हैं। 25 घंटे से ज्यादा समय से आतंकियों के साथ मुठभेड़ चल रही है।
उद्यमिता विकास संस्थान (ईडीआई) भवन में दोपहर में आग लग गयी जिसके बाद तकरीबन 100 लोगों को बाहर निकाला गया।
सेना के एक अधिकारी ने बताया कि हरियाणा के जींद इलाके के युवा अधिकारी कैप्टन पवन कुमार आतंकियों की गोलीबारी में तब गंभीर रूप से जख्मी हो गए जब आज तड़के सुरक्षा बलों ने भवन में घुसने की कोशिश की। घायल अधिकारी की बाद में मौत हो गयी।
आतंकियों के साथ सुरक्षा बलों की भारी गोलीबारी हुयी। पारा यूनिट के एक अन्य सैनिक ओम प्रकाश घायल हो गए और उन्हें सेना की बदामीबाग छावनी के 92 बेस अस्पताल में ले जाया गया जहां उनकी मौत हो गयी।
आतंकियों ने शनिवार दोपहर सीआरपीएफ के काफिले पर हमला किया। इसमें सीआरपीएफ के दो जवान और एक नागरिक की मौत हो गयी और नौ अन्य जवान घायल हो गए। इसके बाद आतंकियों ने ईडीआई भवन के भीतर पनाह ली जिसके बाद मुठभेड़ हुयी।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि करीब 100 नागरिकों- ईडीआई के कर्मचारियों और छात्रों को सुरक्षा के लिहाज से भवन से निकाला गया।

0 comments:
Post a Comment